Author: Garam Rola

  • हज़ारों मज़दूरों ने निकाली विशाल रैली, तोड़-फोड़ करने वाले तत्वोंं को खदेड़ा, और की सामुदायिक रसोई की शुरुआत की घोषणा

    गरम रोला मज़दूर एकता समिति के नेतृत्व में गरम रोला मज़दूरों की हड़ताल का 15वां दिन
    हज़ारों मज़दूरों ने निकाली विशाल रैली, तोड़-फोड़ करने वाले तत्वोंं को खदेड़ा, और की सामुदायिक रसोई की शुरुआत की घोषणा

     

     
    आज दिनांक 20 जून 2014 को, गरम रोला मजदूर एकता समिति के नेतृत्‍व में जारी हड़ताल के 15वें दिन करीब 3 हज़ार मजदूरों ने श्रीराम चौक पर सुबह 9 बजे इकट्ठा होकर पूरे वजीरपुर औद्योगिक क्षेत्र में रैली निकाल कर अपनी एकजुटता और जुझारूपन का परिचय दिया| रैली में लगभग 3000 मज़दूरों ने भाग लिया| इनमें गरम रोला एवं ठंडा रोला में काम करने वाले मज़दूर, तपाई का काम करने वाले मज़दूर और तेजाब का काम करने वाले सभी मज़दूर शामिल थे| इसके बाद, प्रत्येक दिन की भांति सभी मजदूर वजीरपुर के राजा पार्क में आगे की सभा चलाने के लिए एकत्रित हुए जहाँ हड़ताल में शामिल सभी मज़दूरों ने अपने संघर्ष को आगे बढ़ाने का दृढ़ निश्चय लिया|
    रैली का वीडियो

    Read more »

  • सभी इंसाफ़पसन्द नागरिकों और मज़दूरों के नाम एक अपील

    सभी इंसाफ़पसन्द नागरिकों और मज़दूरों के नाम एक अपील
    मज़दूरों के बहादुराना संघर्ष को आपकी ज़रूरत है!
    साथियो!
    शायद आपको पता हो कि दिल्ली के बीचों-बीच वज़ीरपुर औद्योगिक क्षेत्र में गरम रोला पर काम करने वाले इस्पात मज़दूर पिछले 15 दिनों से गरम रोला मज़दूर एकता समितिके नेतृत्व में हड़ताल पर हैं। ये मज़दूर भयंकर ख़तरनाक स्थितियों में काम करते हैं और पिछले लम्बे समय से न्यूनतम मज़दूरी, ईएसआई, पीएफ़ आदि जैसे अपने कानूनी हक़ों की माँग कर रहे हैं। इन मज़दूरों की ज़बर्दस्त साहसिक हड़ताल के कारण वज़ीरपुर औद्योगिक क्षेत्र के गरम रोला कारखाने ठप पड़े हैं। श्रम विभाग इन कारखानों में श्रम कानूनों के उल्लंघन से लम्बे समय से वाक़ि‍फ़ रहा है, लेकिन इस हड़ताल के बाद पड़े दबाव के बाद ही वह कुछ हरक़त में आया है।
    इस हड़ताल को तोड़ने के लिए कारखाना मालिकों ने पहले नेतृत्व के मज़दूरों पर झूठे केस दर्ज़ कर उन्हें गिरफ्तार करवाने की कोशिश की। जब वे उसमें सफल नहीं हो पाये तो फिर उन्होंने तमाम किस्म के दलालों, ठेकेदारों, छुटभैये नेताओं, और ग़द्दार ट्रेड यूनियनों द्वारा अफ़वाहें फैलाकर हड़ताल को तोड़ने का प्रयास किया। और उसमें भी मुँह की खाने के बाद अब वे इस हड़ताल को तोड़ने के लिए अपने सबसे बड़े हथियार का सहारा ले रहे हैंभूख! वे मज़दूरों को भूख से तोड़ना चाहते हैं। लेकिन ये इस्पात मज़दूर डटे हुए हैं; आधा पेट खाकर भी लड़ रहे हैं, ताकि उनके जायज़, कानूनी और संवैधानिक हक़ उन्हें मिल सकें। क्या वे कुछ ग़लत माँग रहे हैं? नहीं! वे तो बस अपने कानून-प्रदत्त अधिकार माँग रहे हैं और इसके लिए आधे पेट भी लड़ रहे हैं। कई मज़दूरों के घर खाने का भयंकर संकट पैदा हो चुका है। इस समस्या से निपटने के लिए गरम रोला मज़दूर एकता समितिशनिवार (21 जून) से सामुदायिक रसोई की शुरुआत कर रही है। हम किसी भी हालत में हड़ताल को टूटने नहीं देंगे।
    ऐसे में, हम सभी इंसाप़फ़पसन्द नागरिकों, शिक्षकों, जनपक्षधर बुद्धिजीवियों और मज़दूर साथियों से अपील करेंगे कि हड़ताल को जारी रखने के लिए अधिकतम सम्भव धनराशि, राशन, मिट्टी का तेल, आदि सहयोग स्वरूप दें। सभी जनपक्षधर लोगों की राजनीतिक एकजुटता के ज़रिये ही यह लड़ाई लड़ी जा सकती है। हम उम्मीद करते हैं ऐसे लोगों की इस देश में कमी नहीं है।
    क्रान्तिकारी अभिवादन के साथ,
    आपके सहयोग के इन्तज़ार में,
    रघुराज, सनी
    (सदस्य, लीडिंग कोर)
    गरम रोला मज़दूर एकता समिति
    किसी भी प्रकार का सहयोग देने के लिए इन फोन नम्बरों पर फोन करेंः
    रघुराज – 9211532753, सनी – 9873358124
    धनराशि आप निम्न अकाउण्ट में भी भेज सकते हैं:
    खाताधारक – मनोज कुमार,
    खाता सं- – 32732928188,
    IFSC सं- – SBIN001135
    शाखा – शालीमार बाग, दिल्ली
    पुनश्चः आन्दोलन से जुड़ी सूचनाओं, खबरों और रिपोर्टों के लिए आप निम्न ब्लॉग चेक कर सकते हैं :
  • गरम रोला मज़दूरों के दवाब में कारखानों पर श्रम विभाग का छापा, मालिक ताला लगाकर भागे

    गरम रोला मज़दूरों के दवाब में कारखानों पर श्रम विभाग का छापा, मालिक ताला लगाकर भागे

    16 जून, दिल्ली। वजीरपुर औद्योगिक इलाके के मजदूरों ने गरम रोला मजदूर एकता समिति के नेतृत्‍व में ग्यारहवें दिन अपनी कानूनी मांगो को लेकर हड़ताल जारी रखी | जिसके दबाब के चलते डी.एल. सी. ने लेबर इंस्पेक्टर, फैक्ट्री इंस्‍पेक्‍टर और हेल्थ इंस्पेक्टर की टीमें बनाकर लगभग सभी गरम रोला फैक्ट्री में निरीक्षण किया जिसमें पाया कि कोई भी फैक्ट्री 'फैक्‍टरी एक्ट' के अंतर्गत रजिस्टर नही है| जरूरी रिकॉर्ड जो कानूनी तौर पर फैक्‍ट्री में उपलब्ध होने चाहिए वो नही पाए गये| जो रिकॉर्ड मिले उनको सीज़ कर टीमें अपने साथ ले गयीं जैसे मस्टर रोल एवं सैलरी रिकॉर्ड इत्यादि | कई फैक्ट्री मालिक फैक्‍ट्री निरीक्षण के दौरान फैक्‍ट्री में ताला लगाकर भाग गये, जिनके गेट पर फैक्ट्री ने नोटिस चस्पा किया |

    Read more »

  • वज़ीरपुर के गरम रोला के मज़दूरों की जुझारू हड़ताल का दसवां दिन।

    वज़ीरपुर के गरम रोला के मज़दूरों की जुझारू हड़ताल का दसवां दिन। 

    15 जून, दिल्ली। गरम रोला मज़दूर एकता समिति के नेतृत्व में गरम रोला के मज़दूरों का संघर्ष दसवें दिन भी जारी रहा। मज़दूरों ने राजा पार्क में अपनी सभा पूरे जोश के साथ चलायी। गरम रोला मज़दूर एकता समिति के रघुराज ने बताया की मज़दूर इसी गरम जोशी से अपना आंदोलन लड़ते रहेंगे। गरम रोला मज़दूर एकता समिति के सनी ने कहा की हड़ताल अपने दुसरे चरण में पहुँच गयी हैं , और मज़दूरों को हड़ताल के चलते किसी भी दिक्कत का सामना ना करना पड़े इसके लिए एक हड़ताल कोष बनाया जायेगा, जिसमे मज़दूरों से सहयोग इकट्ठा कर, उनकी किसी भी समस्या को दूर किया जा सके। आज की सभा में एक मेडिकल कैंप भी आयोजित किया गया जिसमे लम्बे समय से मज़दूर संघर्षो से जुड़े डॉ ऋषि ने शिरकत की।

    Read more »

  • गरम रोला मज़दूर एकता समिति के नेतृत्‍व में वज़ीरपुर के मज़दूरों की हड़ताल आठवें दिन भी जारी

    गरम रोला मज़दूर एकता समिति के नेतृत्‍व में वज़ीरपुर के मज़दूरों की हड़ताल आठवें दिन भी जारी

    13 जून, दिल्ली। दिल्ली के वज़ीरपुर औद्योगिक इलाके के 26 गरम रोला कारखानों के करीब 1600 मज़दूर विगत 6 जून से हड़ताल पर हैं। मज़दूरों की मांग है कि सभी श्रम कानूनों को सख्ती से लागू किया जाये। वज़ीरपुर में स्टील की बहुत बड़ी इण्डस्ट्री है। यहां पर लोहे को पिघलाकर और ढालकर बर्तन और स्टील का अन्य सामान बनाया जाता है। काम करने की परिस्थितियां बेहद अमानवीय हैं। लोहा पिघलाने की भट्ठियों के पास खड़े होकर और स्टील की बेहद धारदार पत्तियों के बीच मज़दूरों को काम करना पड़ता है। मज़दूरों को न तो कोई श्रम कानून नसीब होता है और न ही काम करने की जगह पर सुरक्षा का ही कोई इन्तजाम होता है। ऐसे में मज़दूर अपने श्रम अधिकारों को हासिल करने के लिए गरम रोला मज़दूर एकता समिति के नेतृत्व में हड़ताल पर हैं। यूनियन के अधिकारी रघुराज का कहना है कि पिछले साल 2013 में भी हड़ताल हुई थी जिसमें कुछ चीजें हासिल हुई थी। किन्तु हर साल 1500 रुपये मज़दूरी बढ़ाने और पी एफ , ईएसआई देने से फैक्टरी मालिक मुकर गये। ऐसे में मज़दूरों को फिर से हड़ताल पर उतरना पड़ा। रघुराज ने मज़दूरों को तमाम अफवाहों से सावधान रहने को कहा तथा अपनी ताकत पर भरोसा रखने का आहवान किया। उन्होंने इस हड़ताल में अन्य मजदूरों को शामिल करने का प्रस्ताव रखा। गरम रोला मज़दूर एकता समिति से जुड़े मज़दूर कार्यकर्ता सनी सिंह ने बताया कि श्रम विभाग से मज़दूरों का शोषण छिपा नहीं है बल्कि श्रम कानूनों के लागू न होने का एक सबसे बड़ा कारण खुद श्रम विभाग की उदासीनता है। इलाके में नीमड़ी कॉलोनी में श्रम विभाग का दफ्तर है किन्तु उनकी नाक के नीचे मज़दूरों का शोषण बदस्तूर जारी है। मज़दूरों को न तो दिल्ली सरकार द्वारा तय न्यूनतम मज़दूरी मिलती है और न ही ओवर टाइम का डबल रेट से भुगतान होता है। ठेकेदारी प्रथा के तहत हजारों मज़दूर सालों-साल से काम कर रहे हैं। ऐसे में श्रम विभाग को चाहिए कि वह इस पूरे मामले में हस्तक्षेप करे और श्रम कानूनों को सख्ती से लागू कराये। गरम रोला मज़दूरों की कमेटी के एक मज़दूर बाबूराम का कहना था कि उनकी हड़ताल उनके कानूनी हकों को हासिल कर लिए जाने तक जारी रहेगी। मज़दूर हर रोज औद्योगिक इलाके के राजा पार्क में अपनी सभा चलाते हैं जहां विभिन्न संगठनों से जुड़े मज़दूर कार्यकर्ता और मानवाधिकार संगठन भी समर्थन के लिए आते हैं। विगत 10 जून को पूरे इलाके में एक बड़ी रैली का भी आयोजन किया गया जिसमें स्टील लाइन में काम करने वाले अन्य पेशों के मज़दूरों ने भी गरम रोला के मज़दूरों के समर्थन में काम बंद रखा। रैली में करीब 7000 मज़दूरों ने भागीदारी की। आज मज़दूरों ने राजा पार्क में अपनी सभा की। इस सभा में करीब 800 मज़दूरों ने भागीदारी की। सभा में बात रखते हुए गरम रोला मज़दूर समिति के मज़दूर अम्बिका ने कहा कि हमें अपनी सभा को जोश के साथ चलाना होगा और सभी मज़दूर इस हड़ताल में शिरकत करें। उन्होंने आगे कहा की हड़ताल में सभी मज़दूर न सिर्फ पार्क में बैठें बल्कि मज़दूर वर्ग की इस पाठशाला का इस्तेमाल वर्ग चेतन होने के लिए करें। ह्यूमन राइट लॉ नेटवर्क के कमलेश ने भी सभा को सम्बोधित किया तथा कानूनी मदद का आश्वासन दिया। सभा में आगे बिगुल मज़दूर दस्ता के मज़दूर कार्यकर्ता नवीन ने कहा कि इस हड़ताल पर ठंडा रोला, स्टील लाइन, रिक्शा के मज़दूर भी उम्मीद लगाए बैठे है, इस हड़ताल में जीत पूरे वज़ीरपुर के मज़दूरों की जीत होगी और यह अन्य मज़दूरों को भी संघर्ष के रास्ते पर उतरने का रास्ता दिखाएगी। अंत में मज़दूरों ने हड़ताल को मजबूत बनाने व इसे जीतकर ही उठने की शपथ ली। बिगुल मज़दूर दस्ता की सांस्कृतिक टोली विहान ने ‘एक कथा सुनो रे लोगो’, ‘जारी है हड़ताल’, ‘यूनियन हमारी एकता’ गीत प्रस्तुत किये।

    Read more »

  • वज़ीरपुर में हड़ताल का चौथा दिन

    वज़ीरपुर में हड़ताल का चौथा दिन

    वज़ीरपुर में हड़ताल का चौथा दिन। गरम रोला मज़दूर एकता समिति के नेतृत्व में हड़ताल के चौथे दिन मज़दूरों ने जीत हासिल करने का प्रण लिया। गरम रोला मज़दूर एकता समिति के रघुराज ने बताया कि कल वज़ीरपुर में एक व्यापक रैली निकालने का फैसला किया गया है। मंच संचालन करते हुए बाबुराम ने पिछले दिन की पूरी रिपोर्ट मज़दूरों के सामने रखी। कमिटी के अम्बिका ने भी अपनी बात में मज़दूरों से अपील की कि वे सिर्फ हड़ताल के दौरान सभा में शामिल न हो पर हड़ताल का संचालन भी करें।  हड़ताल के दौरान बिगुल मज़दूर दस्ता, पी यु सी एल के कार्यकर्ताओं ने भी बात रखी। गरम रोला मज़दूर एकता समिति के कार्यकर्ता सनी ने रुसी मज़दूर आंदोलन पर बात रखी व मज़दूरों की हड़ताल के राजनैतिक प्रभाव के बारे में बताया। 


    गरम रोला मज़दूर एकता समिति

    वजीरपुर औद्योगिक एरिया. सम्पर्क- 09211532753 (रघुराज), 09873358124 (सनी)


  • गरम रोला मज़दूरों ने अपनी हड़ताल दुसरे दिन जारी रखी।

    गरम रोला मज़दूरों ने अपनी हड़ताल दुसरे दिन जारी रखी।
    7 जून। गरम रोला मज़दूरों की हड़ताल दुसरे दिन जारी रही। आज मज़दूरों ने राजा पार्क में अपनी सभा की। इस सभा में करीब 500 मज़दूरों ने भागीदारी की। सभा में बात रखते हुए गरम रोल्ला मज़दूर समिति के मज़दूर अम्बिका ने कहा कि यह ज़रूरी है कि हम लगातार हड़ताल रखे इसलिए हमें अपनी सभा को जोश के साथ चलना होगा और सभी मज़दूर इस हड़ताल में शिरकत करें। सभा में आगे मज़दूर कार्यकर्ता सनी ने कहा कि इस हड़ताल पर ठंडा रोला, स्टील लाइन, रिक्शा के मज़दूर भी आस लगाए बैठे हैं। तथा इस हड़ताल में जीत पूरे वज़ीरपुर के मज़दूरों की जीत होगी और यह अन्य मज़दूरों को भी संघर्ष के रास्ते पर उतरने का रास्ता दिखाएगी। उन्होंने आगे कहा की हड़ताल में सभी मज़दूर न सिर्फ पार्क में बैठे बल्कि मज़दूर वर्ग की इस पाठशाला का इस्तेमाल वर्ग चेतन होने के लिए करें। आगे मज़दूरों ने आम राय बनाकर हड़ताल के माँगपत्रक को अपनी आम राय से पास कराया। गरम रोला मज़दूर समिति के रघुराज ने मज़दूरों को तमाम अफवाहों और दलालों से सावधान रहने को कहा तथा अपनी ताकत पर भरोसा रखने का आह्वान किया। उन्होंने इस हड़ताल में अन्य  मज़दूरों को हड़ताल में शामिल करने का प्रस्ताव रखा। सभा के अंत में मज़दूरों ने हड़ताल को मजबूत बनाने व इसे जीतकर ही उठने की शपथ ली। बिगुल मज़दूर दस्ता की सांस्कृतिक टोली ने ‘एक कथा सुनो रे लोगो’, ‘जारी है हड़ताल’, ‘यूनियन हमारी एकता’ गीत प्रस्तुत किये।

    गरम रोला मज़दूर एकता समिति
    वजीरपुर औद्योगिक एरिया. सम्पर्क- 09211532753 (रघुराज), 09873358124 (सनी)


  • वज़ीरपुर औद्योगिक इलाके में गरम रोला मज़दूरों की हड़ताल शुरू

    वज़ीरपुर औद्योगिक इलाके में गरम रोला मज़दूरों की हड़ताल शुरू


    6 जून। वज़ीरपुर औद्योगिक इलाके में गरम रोला मज़दूरों ने गरम रोला मज़दूर एकता समिति के बैनर तले एकजुट होकर हड़ताल का एेलान किया। मज़दूरों ने इस हड़ताल में इलाके के सभी मज़दूरों मसलन ठंडा रोला, तेज़ाब, कटिंग, पोलिश मज़दूरों को शामिल होने की अपील की। करीब २००० मज़दूरों ने पुरे इलाके में रैली निकाल कर अपनी ताकत का परिचय दिया। यह रैली वज़ीरपुर इलाके से होते हुए राजा पार्क में एक सभा के बाद समाप्त हुयी। ज्ञात हो कि औद्योगिक इलाके से सटकर ही निमरी कॉलोनी में लेबर कोर्ट है जिसके बावजूद श्रम कानूनों का उल्‍लंघन धड़ल्ले से किया जाता है। समिति की ओर से मज़दूर कार्यकर्ता सनी ने बात रखते हुए कहा कि हड़ताल मज़दूर वर्ग की एकजुटता का हथियार है और मालिक पुलिस और नेताओं के गठजोड़ का जवाब है। उन्होंने आगे कहा की यह हड़ताल तब तक जारी रहेगी जब तक मालिक मज़दूरों को न्यूनतम वेतन, कार्यस्थल पर सुरक्षा, ई एस आई की सुविधा, फैक्टरी का पहचान पत्र जैसे बुनियादी श्रम कानूनों को लागू नहीं करता है। इसके बाद गरम रोल मज़दूर समिति के अम्बिका ने बात रखते हुए कहा कि हड़ताल में हर मज़दूर को शामिल होना पड़ेगा तथा हम लोगों को दलालों से बचना होगा। बिगुल मज़दूर दस्ता की शिवानी ने हड़ताल का समर्थन किया व इस हड़ताल को पुरे इलाके की हड़ताल में तब्दील करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि हड़ताल मज़दूरों की वर्ग एकजुटता का पहला कदम है, इससे आगे बढ़कर मज़दूर आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए एक क्रांतिकारी संगठन खड़ा करने की ज़रूरत है। राजा पार्क में चली सभा का समापन करते हुए समिति के रघुराज ने मज़दूरों को बताया कि हड़ताल में मज़दूर अपनी सभा रोज सुबह 9 बजे से राजा पार्क में ही चलाएंगे।

    गरम रोला मज़दूर एकता समिति
    वजीरपुर औद्योगिक एरिया. सम्पर्क- 09211532753 (रघुराज), 09873358124 (सनी)