वज़ीरपुर औद्योगिक इलाके में गरम रोला मज़दूरों की हड़ताल शुरू

वज़ीरपुर औद्योगिक इलाके में गरम रोला मज़दूरों की हड़ताल शुरू


6 जून। वज़ीरपुर औद्योगिक इलाके में गरम रोला मज़दूरों ने गरम रोला मज़दूर एकता समिति के बैनर तले एकजुट होकर हड़ताल का एेलान किया। मज़दूरों ने इस हड़ताल में इलाके के सभी मज़दूरों मसलन ठंडा रोला, तेज़ाब, कटिंग, पोलिश मज़दूरों को शामिल होने की अपील की। करीब २००० मज़दूरों ने पुरे इलाके में रैली निकाल कर अपनी ताकत का परिचय दिया। यह रैली वज़ीरपुर इलाके से होते हुए राजा पार्क में एक सभा के बाद समाप्त हुयी। ज्ञात हो कि औद्योगिक इलाके से सटकर ही निमरी कॉलोनी में लेबर कोर्ट है जिसके बावजूद श्रम कानूनों का उल्‍लंघन धड़ल्ले से किया जाता है। समिति की ओर से मज़दूर कार्यकर्ता सनी ने बात रखते हुए कहा कि हड़ताल मज़दूर वर्ग की एकजुटता का हथियार है और मालिक पुलिस और नेताओं के गठजोड़ का जवाब है। उन्होंने आगे कहा की यह हड़ताल तब तक जारी रहेगी जब तक मालिक मज़दूरों को न्यूनतम वेतन, कार्यस्थल पर सुरक्षा, ई एस आई की सुविधा, फैक्टरी का पहचान पत्र जैसे बुनियादी श्रम कानूनों को लागू नहीं करता है। इसके बाद गरम रोल मज़दूर समिति के अम्बिका ने बात रखते हुए कहा कि हड़ताल में हर मज़दूर को शामिल होना पड़ेगा तथा हम लोगों को दलालों से बचना होगा। बिगुल मज़दूर दस्ता की शिवानी ने हड़ताल का समर्थन किया व इस हड़ताल को पुरे इलाके की हड़ताल में तब्दील करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि हड़ताल मज़दूरों की वर्ग एकजुटता का पहला कदम है, इससे आगे बढ़कर मज़दूर आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए एक क्रांतिकारी संगठन खड़ा करने की ज़रूरत है। राजा पार्क में चली सभा का समापन करते हुए समिति के रघुराज ने मज़दूरों को बताया कि हड़ताल में मज़दूर अपनी सभा रोज सुबह 9 बजे से राजा पार्क में ही चलाएंगे।

गरम रोला मज़दूर एकता समिति
वजीरपुर औद्योगिक एरिया. सम्पर्क- 09211532753 (रघुराज), 09873358124 (सनी)
 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *